केंद्रीय विद्यालय में दाखिले को लेकर कई चरणों में निकलने वाली प्रतीक्षा सूची से जुड़ी सूचनाओं की जानकारी के लिए अब अभिभावकों को इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने कोरोना संकटकाल और प्रवेश प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अभिभावकों को एसएमएस के माध्यम से हर अपडेट मुहैया कराने का फैसला लिया है।
सत्र 2020-21 की प्रवेश प्रक्रिया में इसे शत प्रतिशत लागू किया जाएगा। केंद्रीय विद्यालय संगठन ने इसे लेकर आईआईटी मुंबई को प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी समस्त जिम्मेदारी सौंपी है।
केंद्रीय विद्यालय संगठन की ओर से पंजीकृत छात्रों की सूची, प्रवेश योग्य बच्चों की सूची, प्रवेश के लिए अंतिम चयनित बच्चों की श्रेणी वार सूची, प्रतीक्षा सूची आदि जारी की जाती है। इसे देखने के लिए अभिभावकों को विद्यालय के नोटिस बोर्ड या साइबर कैफे के चक्कर लगाने पड़ते थे।