अखिल भारतीय ब्राह्मण जन कल्याण समिति के राष्ट्रीय मंत्री करुणेश पांडेय ने कहा कि यदि मेरी हत्या हुई तो इसके लिए गोरखपुर प्रशासन जिम्मेदार होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र भेजकर गोरखपुर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि करीब 15 दिन पहले उन्हें फोन पर जान से मारने की धमकी दी गई लेकिन अभी तक पुलिस मामले का पर्दाफाश नहीं कर सकी है।
करुणेश ने बताया कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय कॉल से परिवार सहित जानमाल की धमकी मिली थी, जिस पर उन्होंने एसएसपी सहित जनपद के सभी उच्चाधिकारियों से मिल कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की थी। तब चौरीचौरा थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया था, लेकिन घटना के 15 दिन बाद भी पुलिस अभी तक दोषियों का पता नहीं लगा पाई है। पूर्व में भी अपहरण का प्रयास हो चुका है, जिसका मुकदमा चौरीचौरा थाने में दर्ज है।
करुणेश ने कहा कि तीन साल बीत जाने के बाद भी अभी तक अपहरण का प्रयास करने वालों का पता नहीं लगाया जा सका है। उन्होंने सपरिवार जान माल के खतरे का भय बताते हुए कहा कि मैं कई राज्यों में संगठनात्मक कार्यों से लगातार जाता रहता हूं, यदि मेरी हत्या होती है तो इसका जिम्मेदार गोरखपुर प्रशासन होगा।