गोरखपुर से बसपा के उम्मीदवार जावेद सिमनानी होंगे। उनके नाम की घोषणा बसपा सुप्रीमो मायावती ने कर दी है। छात्र जीवन से राजनीति में आने जावेद सिमनानी वार्ड नंबर 68 मुफ्तीपुर से सपा के जियाउल इस्लाम के खिलाफ पार्षद का चुनाव लड़ चुके हैं। इस चुनाव में वे हार गए थे। लेकिन पार्टी के प्रति उनकी निष्ठा को देखते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया गया है। जावेद ने बहन मायावती का आभार जताया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली इलाके नखास चौक के पास रहने वाले हाजी नियाज अहमन खान के बेटे जावेद सिमनानी का पूरा परिवार बसपा से जुड़ा है। ग्रेजुएट जावेद छात्र राजनीति में सक्रिय रहे हैं। बताया जाता है कि वह परिवार सहित दो दशक से अधिक समय से बसपा से जुड़कर राजनीति कर रहे हैं। जावेद के बड़े भाई शोएब सिमनानी भी बसपा में हैं। जावेद बसपा में जुड़ने के बाद पहले बूथ अध्यक्ष बने।
इसके बाद उनको सेक्टर अध्यक्ष, सेक्टर प्रभारी, जोन कोऑर्डिनेटर, जिला महासचिव, जिला सचिव, जिला उपाध्यक्ष, जिला कोषाध्यक्ष और गोरखपुर ग्रामीण विधानसभा के प्रभारी के पद पर काम कर चुके हैं। जावेद चार भाइयों में तीसरे नंबर के हैं। उनके परिवार में माता-पिता के अलावा पत्नी यास्मीन और तीन बेटियां शबाना, हबीबा, अदीबा और बेटा हबीदुर्ररहमान हैं। उनके टिकट की घोषणा होने के बाद से राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई। जावेद को बधाई देने वालों का तांता लग गया।
इनके नामों की हुई है घोषणा
बसपा सुप्रीमों की ओर से कुल 45 नामों की घोषणा की जा चुकी है। शुक्रवार को जारी चौथी सूची में गोरखपुर और बस्ती मंडल सहित कुल नौ लोकसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नाम शामिल हैं। इनमें गोरखपुर से जावेद सिमनानी, बस्ती से दयाशंकर मिश्रा, आजमगढ़ से भीम राजभर, घोसी से बालकृष्ण चौहान, फैजाबाद से सच्चिदानंद पांडेय, एटा से मो. इरफान, धौरहरा से श्याम किशोर अवस्थी, चंदौली से सत्येंद्र कुमार मौर्य और रॉबर्टगंज से धनेश्वर गौतम प्रत्याशी बनाए गए हैं।