गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में कृष्ण जन्माष्टमी चार सितंबर शुक्रवार को परंपरा, भव्यता और उल्लास के साथ मनाई जाएगी। जन्माष्टमी समारोह शाम सात बजे से शुरू होकर रात 12 बजे तक चलेगा। भजनों के बीच भगवान कृष्ण के प्राकट्य के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर व सीएम योगी आदित्यनाथ बालरूप भगवान कृष्ण को पालने में झुलाएंगे।
गोरखनाथ मंदिर के प्रधान पुजारी योगी कमलनाथ ने बताया कि मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन में बच्चों के लिए कृष्ण बालरूप सज्जा प्रतियोगिता और भजन संध्या आयोजित होगी। इसमें बच्चे भगवान कृष्ण के बालरूप में सजकर शामिल होंगे। लोक गायक राकेश श्रीवास्तव की टीम की ओर से प्रतियोगिता दो वर्गों में कराई जाएगी।
कान्हा वर्ग में एक से पांच वर्ष और गोपाल वर्ग में छह से आठ वर्ष तक के बच्चे हिस्सा ले सकेंगे। बच्चों का पंजीकरण कार्यक्रम स्थल पर ही किया जाएगा। प्रतियोगिता में केवल विजेताओं को ही नहीं, बल्कि इसमें शामिल सभी बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
राकेश श्रीवास्तव की टीम की ओर से भजन और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।