फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: फर्जी मेडिकल न बनाने पर दरोगा ने डॉक्टर को धमकाया, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ ऑडियो

Sun, 29 Nov 2020 10:07 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, भटहट (गोरखपुर)।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट न बनाने पर डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षु दरोगा ने गालियां दीं। इतना ही नहीं, दरोगा ने वर्दी का धौंस देते हुए धमकी भी दी है। इसका ऑडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
विज्ञापन


आरोप है कि गोरखपुर स्थित अपने घर आए दरोगा छुट्टी बढ़ाने के लिए भटहट सीएचसी पर तैनात डॉक्टर पर फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट बनाने का दबाव बना रहे थे। मना करने पर फोन कर अपशब्द कहने के साथ ही धमकाया भी। शनिवार को डॉक्टर व कर्मचारी भटहट चौकी पहुंचे और दरोगा के खिलाफ तहरीर दी।
 
जानकारी के मुताबिक, मुरादाबाद में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे एक दरोगा इन दिनों अपने घर गोरखपुर आए हुए हैं। आरोप है कि सीएचसी (सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) भटहट पर तैनात डॉ. आशुतोष चौहान को उन्होंने धमकी दी।
विज्ञापन
विज्ञापन

चौकी में दी गई तहरीर में डॉक्टर ने लिखा है कि भैरवां गांव के रहने वाले रंजीत कुमार 16 नवंबर को स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वे मुरादाबाद में उपनिरीक्षक के पद पर प्रशिक्षण ले रहे हैं। साथ ही कहा कि बीते दिनों छुट्टी लेकर घर आया था जो समाप्त हो गई है। छुट्टी बढ़वाने के लिए कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट चाहिए, इसे बना दें। मना करने पर रंजीत ने बदसलूकी की।

डॉ. आशुतोष का आरोप है कि 24 नवंबर की शाम को रंजीत ने उनके मोबाइल पर फोन किया। अपशब्द कहने के साथ ही जान से मारने की धमकी दी। इसकी रिकॉर्डिंग भी सीएचसी प्रभारी डॉ. अश्वनी चौरसिया ने उपलब्ध कराई है।

स्वास्थ्यकर्मी प्रवीण पांडेय व एम अकरम ने भी रंजीत के खिलाफ तहरीर दी है। चौकी प्रभारी भटहट वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी आला अफसरों को दे दी गई है। अफसरों के निर्देश पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसपी नार्थ अरविंद पांडेय ने बताया कि यदि ऐसा है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी दरोगा से बातचीत करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। जब उनका पक्ष आएगा प्रकाशित किया जाएगा।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें