गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक व पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. मोहसिन खान रविवार को लखनऊ जाते समय सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। उनके साथ ही गाड़ी में सवार अन्य लोग भी सुरक्षित हैं।
धुरियापार के पूर्व विधायक डॉ. मोहसिन के छोटे भाई के बच्चे लखनऊ पढ़ते हैं। वह अपने छोटे भाई के बच्चों के साथ इनोवा कार से लिंक एक्सप्रेसवे से लखनऊ जा रहे थे। लखनऊ से करीब 80 किलोमीटर पहले सामने अचानक ट्रक आ गया, जिससे गाड़ी ट्रक से भिड़ गई। गनीमत था कि टक्कर के साथ ही इनोवा में लगा एयरबैग खुल गया, जिससे कार सवार सभी लोग बच गए। हालांकि इनोवा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना के बाद वहां राहगीर जुट गए। कार में से सभी को बाहर निकाला गया। एक व्यक्ति ने मदद के लिए हाथ बढ़ाते हुए डॉ. मोहसिन को परिवार समेत लखनऊ तक छोड़ने के लिए कहा। उस व्यक्ति ने सभी को सुरक्षित लखनऊ तक पहुंचाया। पूर्व विधायक ने कहा कि इस घटना के बाद उस व्यक्ति ने जिस तरह मदद की, उससे पता चलता है कि इंसानियत अभी जिंदा है।