सिकरीगंज इलाके का मामला, महिला ने पुलिस से की कार्रवाई की मांग
सिकरीगंज। थाना क्षेत्र के हरपुर गांव निवासी महिला सुमावती ने अपने नाती पर बैंक खाते से करीब 14 लाख रुपये निकालने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने सोमवार को थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने, रकम वापस दिलाने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सुमावती ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पति की 18 मार्च 2026 को निधन हो गया। पति की पेंशन सिकरीगंज स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में आती थी। पति के निधन के बाद उन्हें पेंशन मिलने लगी। महिला का आरोप है कि पति की मौत के बाद उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसी का फायदा उठाकर उनकी बड़ी बेटी का बेटा उन्हें बैंक ले गया और खाते से करीब 14 लाख रुपये निकाल लिए।
सुमावती के अनुसार, नाती पहले भी उन्हें बैंक लेकर जाया करता था। खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी उन्हें बाद में हुई। इस संबंध में जब उन्होंने नाती से पूछताछ की तो आरोप है कि उसने गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से खाते से निकाली गई रकम का पता लगाने, मामले की जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी आशीष कुमार दुबे का कहना है कि महिला की ओर से प्रार्थना पत्र मिला है। तहरीर और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।