पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर क्षेत्र की बौलिया रेलवे कॉलोनी में बंद पड़े एक मकान को निशाना बनाकर चोर सात लाख रुपये और लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलने पर मकान मालकिन गोरखपुर पहुंचीं तो घर के अंदर अलमारी और अन्य सामान बिखरा मिला। पीड़िता की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बौलिया रेलवे कॉलोनी निवासी शशिकला ने पुलिस को बताया कि उनके पति रेलवे में कार्यरत थे। 24 जुलाई को दिल्ली के मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। इसके बाद 25 जुलाई को अंतिम संस्कार के लिए पूरा परिवार बिहार चला गया। घर की देखरेख के लिए मकान की चाबी उन्होंने अपने एक पटीदार को दे दी थी।
पीड़िता के अनुसार, 30 जुलाई को पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि मकान का पिछला दरवाजा खुला हुआ है। सूचना मिलने पर जब वह गोरखपुर पहुंचीं तो देखा कि मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा था लेकिन घर के अंदर अलमारी और अन्य सामान बिखरा पड़ा था। उन्हें आशंका है कि चोर किसी चाबी से ताला खोलकर घर के अंदर दाखिल हुए और वारदात को अंजाम दिया।
पीड़िता ने बताया कि पति के इलाज के लिए जमीन बेचकर रखे गए सात लाख रुपये नकद, 20 से 25 हजार रुपये अतिरिक्त नकदी, करीब 33 ग्राम चांदी के तीन जोड़ी झुमके, 10 ग्राम की सोने की चेन, चार सोने की अंगूठियां, 12 ग्राम के दो जोड़ी सोने के झुमके, 12 ग्राम की दो सोने की चेन, 25 ग्राम के दो सोने के कंगन और चांदी के पांच प्रकार के बर्तन चोरी हो गए। बताया कि नवंबर में बेटी की शादी होनी है, जिसके लिए अधिकांश जेवर पहले से खरीदकर घर में रखे गए थे। पीड़िता की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है।
बोले अधिकारी
प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।
- रवि सिंह, सीओ गोरखनाथ