हरपुर बुदहट (गोरखपुर)। धारदार हथियार से हमले में घायल युवक ने सोमवार सुबह बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ दर्ज हत्या के प्रयास के मामले को अब हत्या की धारा में बदल दिया है।
हरपुर बुदहट थाना क्षेत्र के बैदौली गांव के टोला जंगल डिगर सूपा निवासी प्रेमसागर यादव (30) शनिवार शाम करीब छह बजे मोटरसाइकिल से बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन पता नहीं चल सका। रविवार सुबह बैजलपुर ग्राम पंचायत भवन के पास सड़क के किनारे ग्रामीणों ने खून से सने एक युवक को बेहोशी की हालत में देखा।घायल की पहचान प्रेमसागर यादव के रूप में हुई। सूचना मिलते ही हरपुर-बुदहट पुलिस मौके पर पहुंची। उसे इलाज के लिए सीएचसी सहजनवा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल और फिर बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान सोमवार की सुबह उसकी मौत हो गई। पुलिस अब हत्या के कारणों और हमलावरों की पहचान में जुटी है।
प्रेमसागर के पिता ज्ञानेंद्र ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी शादी संतकबीरनगर के महुली थाना क्षेत्र स्थित उसरापार गांव में नेहा यादव से हुई थी। दंपती की कोई संतान नहीं थी।
एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। युवक की मौत के बाद मामले को हत्या की धारा में परिवर्तित कर दिया गया है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।