पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर क्षेत्र के बशारतपुर स्थित भोलाजीपुरम कॉलोनी निवासी व्यक्ति से उसके कार चालक पर मकान बनवाने के नाम पर 1.16 करोड़ रुपये हड़पने का आरोप लगा है। कोर्ट के आदेश पर शाहपुर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
मेडिकल रोड स्थित भोलाजीपुरम निवासी बाबूराम प्रसाद ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका चालक देवेंद्र सिंह मकान बनवाने के नाम पर पिछले तीन वर्षों से उनसे लगातार रुपये लेता रहा। आरोप है कि देवेंद्र ने बैंक ट्रांजैक्शन के माध्यम से 96.16 लाख रुपये और नकद 20 लाख रुपये लिए। इसके अलावा उसने उनके हस्ताक्षरित चेक चोरी कर कई लाख रुपये खाते से निकाल लिए। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी पहले टालमटोल करता रहा और बाद में काम पर आना भी बंद कर दिया। इतना ही नहीं रुपये मांगने पर उसने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि पैसा भूल जाओ नहीं तो गाड़ी से दुर्घटना कराकर हत्या करा दूंगा।
सीओ गोरखनाथ रवि सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।