भारत गैस एजेंसी, खोराबार, सूबा बाजार में रविवार को घरेलू रसोई गैस के लिए उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। गाड़ी न आने की बात पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों में नोकझोंक भी हो गई। बाद में पुलिस की मौजूदगी में सिलिंडर बांटा गया।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब पांच बजे से ही 100 से अधिक लोग सिलिंडर लेने के लिए लंबी कतार में खड़े हो गए। तेज धूप से बचने के लिए लोग इधर-उधर छांव में बैठकर घंटों इंतजार करते नजर आए। जब एजेंसी के कर्मचारी पहुंचे और कार्यालय खोला, तो उपभोक्ताओं ने गैस की गाड़ी आने के बारे में जानकारी मांगी।
इस पर कर्मचारियों ने बताया कि आज एजेंसी पर सिलिंडर की गाड़ी नहीं आएगी। यह सुनते ही उपभोक्ता आक्रोशित हो गए और कर्मचारियों से नोकझोंक शुरू हो गई। इसी बीच करीब 10:25 बजे भैसहा गोदाम से मात्र 30 सिलिंडर लेकर गाड़ी पहुंची। सीमित संख्या में सिलिंडर आने से भीड़ और उग्र हो गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में कर्मचारियों ने सिलिंडरों का वितरण शुरू किया। इस दौरान खोराबार के दुर्गेश राणा, बाईपास के राजकुमार, डांगीपार की प्रभावती देवी, तरकुलही बेलवार के हरीश चंद, तरकुलानी के अखिलेश, बेलवार के राकेश, रानीडीहा के गौतम और डांगीपार के हरिकेश त्रिपाठी सहित कुल 30 उपभोक्ताओं को सिलिंडर दिए गए।
वहीं, करीब 80 लोग बिना सिलिंडर लिए ही लौट गए। एजेंसी कर्मियों ने बताया कि सोमवार को अवकाश रहेगा। मंगलवार को सिलिंडर का वितरण किया जाएगा।