गोरखपुर। शहर व देहात क्षेत्रों में प्रचंड गर्मी में बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बुधवार रात व बृहस्पतिवार दिन में कटौती से लोगों को परेशानी हुई। रुस्तमपुर व लालडिग्गी के लगभग 30 हजार घरों के लोग बुधवार बिजली गुल होने से परेशान रहे। गर्मी के चलते कई लोग छत पर टहल-टहल कर रात काटी और बिजली आने के इंतजार करते रहे।
रुस्तमपुर इलाके में बुधवार रात लगभग 11 बजे जैसे ही लोग अपने घरों में बिस्तर पर गए कि लाइट चली गई। इसके बाद लोग बिजली के आने का इंतजार करने लगे। बाद में पता चला कि कहीं फाल्ट है, थोड़ी देर में बिजली आ जाएगी लेकिन इंतजार करते-करते पूरी रात बीत गई। इस बीच रात 1:21 बजे एक बार बिजली आई फिर पांच मिनट में चली गई। इसके बाद सीधे भोर में 04:30 के बाद ही आई। इस बीच लोगों के इंवर्टर भी आधी रात को जवाब दे चुके थे। सुबह बिजली आने पर लोगों ने राहत की सांस ली लेकिन दिन में भी बिजली के आने-जाने से लोग परेशान रहे।
वहीं लालडिग्गी इलाके में बुधवार रात एक के बाद एक फाल्ट होते गए जिसे बनाने के लिए शटडाउन लेना पड़ा। इस कारण पूरी रात कटौती व हर घंटे बिजली आने-जाने से लोगों की नींद हराम हुई। पादरी बाजार में घोषित बिजली कटौती के समय के बाद भी तीन घंटे ज्यादा बिजली कटी रही। गोलघर में बुधवार रात बिजली न होने से परेशानी हुई। साथ ही राप्तीनगर, शाहपुर, बशारतपुर, खोराबार, तारामंडल, गोलघर आदि जगहों पर दिन में औसतन तीन घंटे के आसपास बिजली कटी रही। इससे लोगों को परेशानी हुई। टाउनहाल के अधिशासी अभियंता अंकित कुमार ने बताया कि 33 केवीए बरहुआं से फाल्ट व आईसोलेटर जलने से दिक्कत हुई थी। सुबह बिजली बहाल कर दी गई है।
पिछले वर्ष अप्रैल व मई की अपेक्षा इस वर्ष बढ़ा अतिरिक्त लोड
पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष बिजली आपूर्ति के लोड में बढ़ोतरी हुई है। पिछले वर्ष अप्रैल माह में बिजली आपूर्ति का जिले का लोड 464 एमवीए था। वहीं यह इस साल बढ़कर 605 एमवीए हो गया। साथ ही पिछले साल मई महीने में लोड 541 एमवीए था, जो इस साल मई में अब तक 700 एमवीए के आसपास पहुंच चुका है।
बोले लोग
रातभर बिजली कटौती से हम सब परेशान हुए हैं। बिजली निगम का टोल फ्री नंबर भी नहीं मिल रहा था। इससे बिजली कब आएगी जानकारी नहीं मिली और जगकर रात बितानी पड़ी है। दिन में भी कई बार बिजली आई व गई है।
- अमित ओझा
बिजली कटौती प्रचंड गर्मी में नहीं होनी चाहिए। दिन में कई बार बिजली कटने से लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। इससे पूरी दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
- संदीप कुमार