गोरखपुर। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के चुनाव में प्रेसीडेंट इलेक्ट (आगामी वर्ष के अध्यक्ष) पद को छोड़कर अन्य पदों पर आम सहमति बन गई है। प्रेसीडेंट इलेक्ट पद पर डॉ. वीएन अग्रवाल और डॉ. एके चतुर्वेदी के मैदान में डटे रहने से इस पद पर मुकाबला तय माना जा रहा है। 18 नवंबर को नाम वापसी की अंतिम तिथि है। ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि कोई प्रत्याशी नाम वापस लेता है या चुनाव की नौबत आती है।
एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के कुल 15 पदों पर चुनाव होना हैं। इसमें उपाध्यक्ष के चार, सचिव और कोषाध्यक्ष के एक-एक, जॉइंट सेक्रेटरी के तीन, मीडिया प्रभारी, साइंटिफिक सेक्रेटरी, कल्चरल सेक्रेटरी, स्पोर्ट्स सेक्रेटरी, बिल्डिंग इंचार्ज और मंदबुद्धि बाल संस्थान अध्यक्ष के एक-एक पद पर आम सहमति बन गई है। प्रेसीडेंट इलेक्ट पद पर डॉ. वीएन अग्रवाल और डॉ. एके चतुर्वेदी को मनाने के लिए एसोसिएशन की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है।
यदि दोनों प्रत्याशी मैदान में बने रहते हैं तो 22 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान आईएमए क्लीनिकल हॉल, सीतापुर नेत्र चिकित्सालय में सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। चुनाव संपन्न कराने के लिए डॉ. जेपी जायसवाल, डॉ. डीके सिंह और डॉ. एपी गुप्ता को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा संगठन की सेंट्रल कमेटी के 13, स्टेट कमेटी के 27 और एक्जीक्यूटिव कमेटी के 130 सदस्यों का भी चयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा।
चुनाव में अधिक से अधिक सदस्यों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पोस्टल बैलेट की व्यवस्था भी की गई है। इसके तहत बुजुर्ग डॉक्टरों और मतदान के दिन शहर से बाहर रहने वाले सदस्यों को घर बैठे वोट डालने का अवसर मिलेगा। आईएमए के कर्मचारी संबंधित डॉक्टरों के घर जाकर उनका मत सीलबंद लिफाफे में प्राप्त करेंगे। इन लिफाफों को सुरक्षित रखा जाएगा और मतगणना के समय खोला जाएगा।
आईएमए के सचिव डॉ. वाई सिंह ने बताया कि चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। चुनाव की स्थिति बनने पर निष्पक्ष मतदान कराया जाएगा। सभी मतदाताओं को तिथि और समय की जानकारी दे दी गई है। प्रेसीडेंट इलेक्ट पद पर बुधवार को यदि कोई एक प्रत्याशी नाम वापस ले लेता है तो सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो जाएगा।