गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन विभाग की ओर से पीजी और पीएचडी के विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय ‘अनुसंधान पद्धति और प्रदत्त विश्लेषण’ विषयक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
आमंत्रित वक्ता लखनऊ विश्वविद्यालय के डॉ. शैलेश कौशल ने सांख्यिकीय विश्लेषण सॉफ्टवेयर ‘स्मार्ट पीएलएस’ के बारे में बताते हुए इसका अभ्यास कराया। द्वितीय सत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के डॉ. आशुतोष मोहन ने कहा कि अच्छा शोध करने के लिए महत्वपूर्ण शोध समस्या की पहचान और सुदृढ़ शोध डिजाइन चुनना सबसे जरूरी तत्व है।
तीसरे सत्र में एमएमएमयूटी की डॉ. भारती शुक्ला ने शोध में साहित्य समीक्षा का महत्व और योगदान विषय पर प्रकाश डाला। मानविकी विभाग के डॉ. अभिजित मिश्र ने कहा कि शोधकर्ताओं द्वारा शोध नैतिकता का पालन न करने का सबसे बड़ा नुकसान यह होता है कि आम जन का अनुसंधान, शोध गतिविधियों और शोध संस्थाओं पर से विश्वास कम होने लगता है।
कार्यक्रम को बिजेंद्र पुष्कर, डॉ. प्रियंका राय ने भी संबोधित किया। संयोजन डॉ. उग्रसेन ने व संचालन एमबीए छात्र बादल शर्मा ने किया। इस अवसर पर डॉ. सोनिया भट्ट, डॉ. जावेद आलम, डॉ. असीम हसन, डॉ. मोहम्मद ओसामा आदि उपस्थित रहे। संवाद