देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के जमसड़ा गांव में शुक्रवार को एक पति ने अपनी पत्नी की पीट- पीट कर हत्या कर दी। जानकारी पर पहुंचे मायके वाले महिला को आनन फानन सीएचसी लार लेकर पहुंचे। जांच के बाद डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल प्रशासन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला के मायके वालों ने पति पर पीट- पीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर के पीपरा वार्ड के पकड़ी टोला निवासी कंचन भारती की बेटी सुनीता की शादी जामशड़ा के दिलीप के साथ 14 नवंबर 2019 में देवरिया सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत हुई थी। शादी के बाद से ही पति पत्नी के बीच अच्छे रिश्ते स्थापित नहीं हो सके।
आरोप है कि महिला का पति दिलीप भारती अक्सर उसे मारता पीटता था। जिसका विरोध सुनीता करती रहती थी। इधर, कुछ महीनों से दिलीप काम की तलाश में दिल्ली चला गया था। महिला के मायके वालों के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली से लौटते ही उसने सुनीता की पीट- पीट कर हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर पहुंचे महिला के परिजन आनन फानन उसे सीएचसी लार लेकर पहुंचे। जहा डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी होते ही मायके में कोहराम मच गया।
समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच शुरू की जाएगी।