पादरी बाजार (गोरखपुर)। शाहपुर इलाके के मोहम्मद नगर कॉलोनी निवासी युवक द्वारा प्राइवेट बैंक से लोन लेकर प्रतिमाह किस्त जमा नहीं करने पर बुधवार को फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी जिला प्रशासन के साथ पहुंचे और मकान से सारा सामान बाहर कर मकान को सील करा दिया।
बिहार के एजाज अहमद शाहपुर इलाके के पादरी बाजार स्थित मोहम्मद नगर कॉलोनी में 15 वर्षों से मकान बनवाकर परिवार के साथ रहते हैं। आरोप है कि उन्होंने तीन साल पहले बैंक रोड स्थित उत्कर्ष इस्माइल फाइनेंस कंपनी से 16 लाख रुपये लोन लिया था। लोन लेने के बाद उन्होंने किस्त जमा नहीं की। बैंक ने लोन जमा करने के लिए उनको कई नोटिस दिए, उसके बाद भी लोन नहीं जमा किया। इसके बाद फाइनेंस कंपनी ने मकान नीलामी के लिए जिला प्रशासन को प्रार्थनापत्र दिया।
बुधवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक गुप्ता, फाइनेंस कंपनी के लीगल एडवाइजर विवेक और पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में मकान से सारा सामान बाहर कर मकान सील कर दिया गया। लोगों ने बताया कि आरोपी एजाज पत्नी के साथ जेल भी गया था। वह कई लोगों से जमीन और मकान के नाम पर करोड़ों रुपये हड़प चुका है। संवाद