संतकबीरनगर जिले के धनघटा के जिगिना गांव के सीवान में चार फरवरी को मिले अधजले शव की पहचान हो गई है। लाश गोरखपुर के बेलघाट क्षेत्र के जितवापुर निवासी 28 वर्षीय रंजना यादव की थी। पुलिस की जांच में पता चला है कि पिता ने अपनी इज्जत के लिए डेढ़ लाख रुपये देकर बेटी की हत्या कराई थी। मारने वालों में वह खुद, युवती का भाई और जीजा भी शामिल थे। बाप-बेटे, बहनोई समेत चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी डॉक्टर कौस्तुभ ने बताया कि जिगिना गांव के सीवान में बने टिनशेड में मिला अधजला शव कैलाश यादव की पुत्री रंजना यादव का था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो रहा है कि गला दबाने से युवती का दम घुटा या धुएं से। मामले की जांच के दौरान एक सीसीटीवी फुटेज मिली, जिससे मामले के पर्दाफाश में काफी मदद मिली।
पिडिया के पास से रंजना के पिता कैलाश यादव, उसके भाई अजीत यादव और बहनोई सत्य प्रकाश यादव निवासी महोबरा और बहनोई के करीबी सीताराम यादव निवासी डोमडीह थाना महुली जिला संतकबीरनगर को गिरफ्तार किया गया है।