गोरखपुर जिले में कहीं पर भी कोराना संक्रमित मिलने पर अब आसपास के सौ मीटर के दायरे में रहने वाले सभी व्यक्तिओं की जांच की जाएगी। इसके अलावा विदेश से आने वाले लोगों को स्वास्थ्य विभाग को अपनी यात्रा की पूरी जानकारी देनी होगी। प्रदेश में ओमिक्रॉन की दस्तक के बीच शासन की ओर से ये निर्देश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुपालन के क्रम में स्वास्थ्य विभाग ने तय किया है कि पहली और दूसरी लहर की तर्ज पर कोविड जांच की संख्या बढ़ाई जाएगी।
सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दूबे ने बताया कि जिले में अगर कोई भी कोरोना संक्रमित मिलता है तो संपर्क में आने वालों के साथ ही उसके घर के सौ मीटर के दायरे में आने वाले सभी लोगों की जांच की जाएगी। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों को तैयार कर दिया गया है। बताया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आशा, आंगनबाड़ी वर्कर के सहयोग से विदेश से आने वाले लोगों पर भी नजर रखी जा रही है। अभी तक विदेश से आने वाले 230 लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।