गोरखपुर जिले के शाहपुर थाने में दर्ज मारपीट के मामले में बचाने के नाम पर 12 हजार रुपये की मांग करने वाले हेड कांस्टेबल जितेंद्र प्रधान को निलंबित कर दिया गया है। वहीं दरोगा राहुल सिंह को लाइनहाजिर कर दिया गया है। रुपये मांगने की रिकॉर्डिंग एसएसपी को मिल गई थी। एसएसपी ने सीओ कैंट राहुल भाटी को जांच सौंपी थी। जांच रिपोर्ट आने पर एसएसपी ने कार्रवाई कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके में रहने वाले एक प्लंबर का पत्नी से विवाद चल रहा है। पत्नी उसके खिलाफ कई बार शिकायत कर चुकी है, जिसकी जांच कराए जाने की मांग को लेकर महिला ने डीआईजी को प्रार्थना पत्र दिया था। नतीजा, पुलिस ने प्लंबर के खिलाफ मारपीट, धमकी देने का केस दर्ज कर लिया।
इसके बाद हेड कांस्टेबल जितेंद्र प्रधान ने प्लंबर को फोन किया और कहा कि 12 हजार रुपये की व्यवस्था कर लो तो बचा लूंगा। सीधे दरोगा के घर लेकर चल चलूंगा, नहीं तो फंस जाओगे। उसकी बातचीत प्लंबर ने रिकॉर्ड कर ली थी। प्लंबर ने इसकी शिकायत एसएसपी से कर दी। एसएसपी ने मामले की जांच कराई तो आरोप सही निकला। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर हेड कांस्टेबल को निलंबित और दरोगा को लाइनहाजिर कर दिया गया है।