गोरखपुर। ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती अपनी 81 दिवसीय गविष्टि यात्रा पूर्ण करने के बाद मंगलवार रात गोरखपुर पहुंचे। रामजानकी नगर में उनके आगमन पर शिष्यों और श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, आरती और पूजन कर उनका स्वागत किया। शंकराचार्य के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु देर रात तक मौजूद रहे।
वैदिक मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच उनका अभिनंदन किया गया। श्रद्धालुओं ने धर्म, संस्कृति और गौसंरक्षण के प्रति उनके अभियान की सराहना करते हुए आशीर्वाद लिया। आयोजकों के अनुसार, 81 दिनों तक चली गविष्टि यात्रा के समापन के बाद शंकराचार्य गोरखपुर पहुंचे हैं। बुधवार सुबह 10 बजे वह पत्रकारों से वार्ता कर यात्रा के उद्देश्यों और उसके निष्कर्षों पर अपने विचार साझा करेंगे। इसके बाद वह लखनऊ के लिए रवाना होंगे।