गोरखपुर। प्रधान आयकर आयुक्त कार्यालय में 15 से 31 जुलाई तक आयोजित किए जा रहे ''''बकाया मांग एवं शिकायत निवारण कैंप'''' के तहत मंगलवार को करदाताओं, व्यापारियों और पेशेवरों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में बकाया मांग और कर संबंधी विभिन्न शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित व पारदर्शी निस्तारण का आश्वासन दिया गया।
आयकर अधिकारियों ने कहा कि इस विशेष कैंप का उद्देश्य लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान करना और करदाताओं की समस्याओं का मौके पर निस्तारण करना है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में करदाताओं से जुड़े विभिन्न तकनीकी और प्रक्रियागत विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन जायसवाल, उपाध्यक्ष अमित टिबरेवाल, गोरखपुर किराना कमेटी के अध्यक्ष गोपाल जायसवाल, चैंबर ऑफ ट्रेडर्स के अध्यक्ष अनूप किशोर अग्रवाल, सुरेश जायसवाल व अशोक मलानी सहित व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में शहर के कई चार्टर्ड अकाउंटेंट और अधिवक्ताओं ने भी हिस्सा लिया व करदाताओं के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दे उठाए।
आयकर विभाग ने करदाताओं से अपील की है कि जिनकी शिकायतें लंबित हैं, वे 31 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष कैंप का लाभ उठाकर अपने मामलों का समाधान करा सकते हैं।