गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस- वे के दोनों ओर बनेगा औद्योगिक गलियारा।
- फोटो : अमर उजाला
लिंक एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर औद्योगिक गलियारे के लिए जमीन अधिग्रहण को शासन की मंजूरी मिल गई है। लखनऊ में अपर मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके बाद करीब 1677 करोड़ रुपये की लागत से गोरखपुर सदर और सहजनवां तहसील के चार गांवों की करीब 1087 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। नोटिफिकेशन जारी करने के लिए शासन को गीडा जल्द प्रस्ताव भेजेगा।
औद्योगिक गलियारे के प्रथम चरण में सहजनवां तहसील के तालनवर एवं भगवानपुर तथा सदर तहसील के बाघागाड़ा और नरकटवां गांव में जमीन अधिग्रहण किया जाना है। इसके लिए गठित चार सदस्यीय कमेटी में शामिल उत्तरप्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के सीईओ, यूपीडा के एक सदस्य, गीडा के सीईओ और डीएम के द्वारा नामित एक अधिकारी ने पहले ही स्वीकृति दे दी थी।
इसके बाद मंगलवार को लखनऊ में अपर मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी की अध्यक्षता में समिति की बैठक में जमीन अधिग्रहण के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई। बैठक के बाद समिति ने इसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुत किया। इस प्रस्ताव के बाद शासन नोटिफिकेशन जारी करेगा और बजट भी जारी हो जाएगा।
बजट जारी होते ही अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। किसानों को प्रति एकड़ करीब एक करोड़ 54 लाख रुपए का भुगतान किया जाएगा। जमीन अधिग्रहण के बाद औद्योगिक गलियारे के विकास को लेकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
गीडा सीईओ संजीव रंजन ने बताया कि औद्योगिक गलियारे के प्रथम चरण में करीब 1087 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी मिल गई है। यह अधिग्रहण सहजनवां और सदर तहसील के चार गांवों में किया जाएगा। जल्द ही इसका नोटिफिकेशन जारी हो जाएगा।