नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह। (फाइल)
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) की आवासीय योजना गोरक्ष एन्क्लेव की करीब तीन महीने से बंद राह खुल गई है। अब इस योजना का दोबारा टेंडर निकालने के साथ ही जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सकेगा।
जीडीए की ओर से चंपा देवी पार्क के पास करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से गोरक्ष एन्क्लेव का निर्माण किया जाएगा। इसमें चार फोर बीएचके आवास के साथ थ्री बीएचके एवं टू बीएचके के कुल 86 आवास हैं। सभी आवासों को तीन ओर से हवादार बनाने की योजना है।
यह परियोजना रामगढ़ताल से सबसे नजदीक होगी और यहां से ताल का दृश्य भी नजर आएगा। चंपा देवी पार्क के बगल से आवासीय योजना तक जाने वाली सड़क को भी मॉडल सड़क के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां की सुविधाओं को देखते हुए लोगों ने इसे खूब पसंद किया। यही वजह है कि इसके ज्यादातर फ्लैट बुक हो चुके हैं।
गोरक्ष एन्क्लेव के निर्माण के लिए जीडीए ने टेंडर भी निकाल दिया था। 10 जनवरी को इसे खोला जाना था मगर दो दिन पहले आठ जनवरी को ही विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई। चुनाव बीतने के बाद जीडीए अभी इसके निर्माण आदि की प्रक्रिया में जुटने ही वाला था कि एमएलसी चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई। मगर जीडीए उपाध्यक्ष की अपील पर डीएम विजय किरन आनंद ने योजना का दोबारा टेंडर निकालने की अनुमति दे दी है जिसके बाद जीडीए प्रक्रिया में जुट गया है।
जीडीए उपाध्यक्ष प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि एमएलसी चुनाव की वजह से योजना प्रभावित न हो इसलिए डीएम से दोबारा टेंडर निकालने की अनुमति मांगी गई थी जो मिल गई है। जल्द ही निर्माण प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।