नेहरू जूलॉजिकल पार्क, हैदराबाद में आठ बब्बर शेर कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके बाद गोरखपुर प्राणि उद्यान में भी एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी गई है। किसी भी बाड़े के कीपर को बाहरी लोगों के संपर्क में नहीं आना है। दर्शकों के घूमने के दौरान कीपर बाड़े के बार पैडॉक (खुला क्षेत्र) में ही रहेंगे।
सुबह चिड़ियाघर खोलने के पहले और बंद होने के बाद नियमित सैनिटाइजर करवाया जा रहा है। बुधवार व गुरुवार की सुबह सभी बाड़ों में साफ-सफाई के साथ सैनिटाइज करवाया गया है।
पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि हैदराबाद वाली सूचना के बाद से अतिरिक्त व्यवस्था करवाते हुए परिसर को सैनिटाइज करवाया गया है। इसके अलावा बाड़ों के अंदर घास के पर्दे लगाए गए थे। इन्हें भी सैनिटाइज करवाने के साथ बदले गए। जू कीपरों को अतिरिक्त सावधानी बरतने के लिए निर्देशित किया गया है।