गोरखपुर में रविवार दोपहर में मौसम ने अचानक चाल बदल ली। जहां सुबह से धूप और उमस का राज था वहीं काले बादलों ने डेरा डाल लिया। कुछ देर में ही बारिश शुरू हो गई। पहले तेज और उसके बाद देर शाम तक रुक-रुक कर फुहारें पड़ती रहीं। इसकी वजह से तापमान में भी गिरावट आ गई। मौसम विशेषज्ञ सोमवार यानी आज भी बारिश होने की संभावना जता रहे हैं।
अक्तूबर का महीना करीब आधा बीत चुका है, लेकिन इसके बाद भी अधिकतम तापमान 34 डिग्री के ऊपर रह रहा है। इसकी वजह से लोगों को तपिश वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। लेकिन रविवार का मौसम सुकून देने वाला रहा।
मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव की वजह से ऊपरी वायुमंडल में बादल पश्चिम बंगाल से लेकर झारखंड, बिहार होते हुए पूर्वी उत्तरप्रदेश तक पहुंच गए। इसकी वजह से बारिश हुई।