दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में चल रही विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं में लगातार गलतियां मिल रहीं हैं। डीडीयू प्रशासन ने जांच के दौरान तीन विषयों के प्रश्नपत्रों पर परीक्षा का समय गलत दर्ज होना पाया है। समय रहते पता चलने के कारण इसमें सुधार कर लिया गया। इस संबंध में सभी परीक्षा केंद्रों के लिए परीक्षा विभाग ने दिशा निर्देश जारी कर दिया है।
डीडीयू और संबद्ध कॉलेजों में 11 जनवरी को बीए प्रथम सेमेस्टर के पेपर कोड ‘पीओएल 101’ की परीक्षा, 12 को ‘एचएनडी 101’ की परीक्षा और 13 को ‘एचएनडी 103’ की परीक्षा सुबह 9 से 10:30 बजे तक आयोजित है। लेकिन इन तीनों विषयों के प्रश्न पत्रों के पैकेट पर परीक्षा का समय सुबह 11:30 से एक बजे तक दर्ज है।
बताते हैं कि 10 जनवरी को नोडल केंद्रों को परीक्षा के लिए प्रश्नपत्रों के वितरण के दौरान किसी की नजर इस पर पड़ी, उसके बाद परीक्षा विभाग को सूचना दी गई।