गोरखपुर विश्वविद्यालय : 24 संबद्ध कॉलेज भी केंद्रीकृत काउंसिलिंग में शामिल
गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने स्नातक एवं परास्नातक प्रवेश परीक्षाओं का परिणाम शुक्रवार शाम घोषित कर दिया। कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने प्रवेश पोर्टल पर परिणाम जारी किए। अब 20 जुलाई से ऑनलाइन काउंसिलिंग और चॉइस लॉक की प्रक्रिया शुरू होगी।
विश्वविद्यालय की केंद्रीकृत प्रवेश प्रक्रिया के तहत इस बार 42 पाठ्यक्रमों में दाखिले होंगे। इनमें 11 ऐसे पाठ्यक्रम हैं, जिनमें विश्वविद्यालय परिसर के साथ 24 संबद्ध महाविद्यालयों की सीटों का आवंटन भी एकीकृत ऑनलाइन काउंसिलिंग के माध्यम से किया जाएगा। इनमें बीए-एलएलबी, बीबीए, बीसीए, बीकॉम ऑनर्स, बीएससी कृषि, एलएलबी, एमएड, एमएससी गणित, एमकॉम, एमए, बीपीएड और बीए ऑनर्स प्रमुख हैं।
प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. हर्ष सिन्हा ने बताया कि ऑनलाइन काउंसिलिंग के लिए उपलब्ध सीटों का पूरा विवरण प्रवेश पोर्टल पर उपलब्ध करा दिया गया है। काउंसिलिंग की पूरी प्रक्रिया और दिशा-निर्देश भी पोर्टल पर अपलोड किए गए हैं। चॉइस लॉक करने के बाद उसका प्रिंट लिया जा सकता है। चॉइस भरने की प्रक्रिया तीन दिन तक चलेगी। सीट मिलने पर निर्धारित समय में शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा, अन्यथा आवंटन स्वतः निरस्त हो जाएगा। आवंटन पत्र मिलने के बाद निर्धारित अवधि में संबंधित विभाग या कॉलेज में मूल प्रमाणपत्रों का सत्यापन कराना होगा।
प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इसी माह अधिकांश पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर कक्षाएं भी शुरू करा दी जाएंगी।
- प्रो. पूनम टंडन, कुलपति