हत्या से पहले घर जाकर रखा था शादी का प्रस्ताव
पुलिस की जांच में सामने आया है कि 25 अप्रैल की रात हत्या करने से पहले आलोक पासवान शाम सात बजे के करीब प्रीति के घर गया था। वहां पर उसने प्रीति से शादी का प्रस्ताव रखा और इनकार करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहा था। प्रीति से शादी के प्रस्ताव से नाराज पिता गामा ने आलोक को दो-चार थप्पड़ भी मारा था और उसके बाद भगा दिया था। इस घटना के करीब 1.30 घंटे बाद शादी के कार्यक्रम में शामिल होने को जाते समय आलोक ने तीनों की हत्या कर दी थी।
एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने कहा कि गांव में जाकर सीसी टीवी फुटेज देखा गया है। उसमें साफ नजर आ रहा है कि तीनों मृतक के गुजरने के चंद मिनट बाद ही आलोक पासवान अकेले पीछे से जा रहा है। उसके एक हाथ में पानी की बोतल है और एक हाथ में बांका था। कुछ देर बाद एक और शख्स जाता दिख रहा है। उसके बारे में जानकारी की जा रही है। अभी तक की जांच में अकेले आलोक पासवान के वारदात के साक्ष्य ही मिल रहे है। प्रकरण की जांच अभी जारी है।