दो घंटे बंकर में छिपे थे सभी विद्यार्थी
बिछिया (यूक्रेन से व्हाट्सएप पर बातचीत) मनुशरण श्रीवास्तव ने कहा कि शुक्रवार को दोपहर में जब बम के तेज धमाके सुनने को मिले तो सायरन बजने लगा। सभी विद्यार्थी सोसायटी में बने बंकर में छिप गए। दो घंटे तक हम लोग बंकर में ही रहे। उसके बाद निकलकर अपने रूम में आ गए। वाकई, वह खौफनाक मंजर कभी भूल नहीं पाएंगे। इंदौर के प्रत्यूष और आंध्र प्रदेश के एक दोस्त के साथ रोमानिया के लिए बस से निकलूंगा। 26 फरवरी को फ्लाइट से आना था, फ्लाइट कैंसिल हो गई। टिकट भी रद्द करा दिया।
दहशत में बीती रात
गोरखपुर के रजही के रहने वाले राम अवतार मौर्य की 23 वर्षीय बेटी शिवांगी भी यूक्रेन में फंसी हुई हैं। उसके साथ चचेरा भाई परशुराम भी है। शिवांगी, यूक्रेन के जेप्रोजिया स्टेट के नेशनल यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस की विद्यार्थी हैं। शिवांगी ने घरवालों को वीडियो कॉल करके बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं। रात दहशत में बीत रही है। डर लग रहा है कि कहीं बम हमारे हॉस्टल के पास न गिर जाए।