गोरखपुर-सीतापुर के बीच पैसेंजर ट्रेन को अनारक्षित एक्सप्रेस के रूप में चलाया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर से नौ मार्च से चलेगी। ट्रेन में यात्रियों को कोविड-19 सुरक्षा मानकों का पालन करना होगा।
गोरखपुर-सीतापुर अनारक्षित एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन (05093) नौ मार्च से प्रतिदिन गोरखपुर से 6.00 बजे चलकर डोमिनगढ़, जगतबेला, सहजनवां, सीहापार, मगहर, खलीलाबाद, चुरेब, मुंडेरवा, ओरवारा, बस्ती, गोविंदनगर, टिनिच, गौर, बभनान, परसा तिवारी, बभन जोतिया हाल्ट, स्वामी नारायण छपिया, मसकनवा, लखपतनगर, मनकापुर, झिलाही, मोतीगंज, बरूआचक, गोंडा, गोंडा कचहरी, कठोला, मैजापुर, कस्तूरी, करनैलगंज, सरयू, जरवलरोड, घाघरा घाट, चौकाघाट, बुढ़वल, सुढ़िया मऊ, तहसील फतेहपुर, पैंतीपुर, मुंडा गोपाल ऐश, महमूदाबाद अवध, बाबूपुर, सरैयां, शंकरपुर, विसवां, रमईपुर, परसेंडी, तथा टप्पा खजुरिया से छूटकर सीतापुर अपराह्न 3.05 बजे पहुंचेगी। जबकि सीतापुर-गोरखपुर अनारक्षित एक्सप्रेस (05094) नौ मार्च से प्रतिदिन सीतापुर से अपराह्न 3.45 बजे चलकर गोरखपुर रात में 1.15 बजे पहुंचेगी। इस ट्रेन में साधारण द्वितीय श्रेणी के आठ एवं एसएलआरडी के दो कोचों सहित कुल 10 कोच लगाए जाएंगे।
अब खुलेंगे जनरल काउंटर
अनारक्षित एक्सप्रेस के चलने का शेड्यूल घोषित होते ही रेल प्रशासन ने जनरल काउंटर को खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। गोरखपुर जंक्शन पर यूटीएस काउंटर को खोलने की तैयारी हो गई है। जैसे-जैसे ट्रेनें बढ़ती जाएंगी, काउंटर की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। यूटीएस मोबाइल एप को भी फिर से शुरू कर दिया गया है। यात्री मोबाइल से भी जनरल टिकट बना सकते हैं।
दरभंगा-अमृतसर स्पेशल आज निरस्त रहेगी
किसान आंदोलन के कारण दरभंगा से तीन मार्च को चलने वाली 05211 दरभंगा-अमृतसर स्पेशल तथा अमृतसर से पांच मार्च को चलने वाली 05212 अमृतसर-दरभंगा स्पेशल का संचालन नहीं होगा। इसके अलावा अमृतसर से तीन मार्च को चलने वाली 04650 अमृतसर-जयनगर स्पेशल तथा 04673 जयनगर-अमृतसर स्पेशल निर्धारित मार्ग ब्यास-जन्डियाला-अमृतसर के स्थान पर परिवर्तित मार्ग ब्यास-तरनतारन-अमृतसर के रास्ते चलाई जाएगी।