एम्स क्षेत्र की घटना, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
सरदार नगर। एम्स क्षेत्र के सोनबरसा बाजार में शुक्रवार की रात बरात जा रहे युवकों को उचक्कों ने मारा पीटा और उनका पर्स छीनकर भाग गए। पीड़ित ने बताया कि पर्स में दो हजार रुपये थे। एम्स थाने में तहरीर दी है। इसके बाद पुलिस सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
पिपराइच क्षेत्र के दुबौली निवासी इन्द्रेश निषाद ने बताया कि शुक्रवार को गांव के युवक की शादी में शामिल होने बाइक से चौरीचौरा के डुमरी खास बसंत टोला जा रहा था। मेरे साथ ही गांव के दो अन्य युवक भी अपनी बाइक से निकले थे। सोनबरसा बाजार चौराहे के पास बाइक अनियंत्रित होने पर गिर पड़ा। तभी दो युवक मुझे उठाने आए और मेरा मोबाइल निकालने लगे। विरोध करने पर मुझे मारने लगे। तभी पीछे से मेरे गांव के युवक भी बाइक से आ गए। उन्होंने बचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें भी मारा पीटा। इस दौरान मेरा पर्स छीन लिया, जिसमे दो हजार रुपये पैन कार्ड रखे थे। सोनबरसा चौकी प्रभारी विवेक अवस्थी ने बताया कि पहले दोनों के बीच विवाद हुआ है। विवाद के कारणों का पता नही चल पा रहा है। सीसीटीवी फुटेज देखा गया है। उसमें पर्स छीनने की घटना सामने नहीं आई है। दो युवक बाइक से भागते दिखे हैं। जांच की जा रही है।