रामगढ़ताल थाने में केस दर्ज, एक को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ
गोरखपुर। रामगढ़ताल इलाके के रामपुर गांव में शनिवार की शाम शराब पीने के दौरान हुए विवाद में दो भाइयों ने अपने दो दोस्तों के साथ मिलकर एक युवक की पिटाई कर दी। आरोप है कि इसमें से एक भाई ने तमंचा से हवाई फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर घटना में शामिल एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, कजाकपुर निवासी सुरेंद्र अपने घर के पास मौजूद था। इसी दौरान वहां पर गायघाट निवासी सगे भाई सुरेंद्र और देवेंद्र अपने दो साथियों के साथ आए। वहां आपस में शराब पीने के दौरान विवाद हो गया और फिर सुरेंद्र, देवेंद्र, रामजतन निषाद व एक अन्य ने मिलकर कजाकपुर के सुरेंद्र की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान देवेंद्र ने तमंचा निकाल लिया और धमकी देते हुए हवाई फायरिंग की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने रामजतन को हिरासत में ले लिया है। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।