सहजनवां (गोरखपुर)। कस्बे की एक दुकान पर शराब पी रहा युवक फोन पर पत्नी को गाली दे रहा था, सामने बैठे बुजुर्ग ने गलतफहमी में उसे गोली मार दी। बुजुर्ग को लगा कि युवक उसे गाली दे रहा है। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायल युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवक की पहचान उज्जीखोर निवासी शिवानंद सिंह (40) के रूप में हुई।
उधर, सीसी कैमरे से पहचान करते हुए सहजनवां पुलिस ने कस्बे के ही आरोपी बुजुर्ग वंशभूषण त्रिपाठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उनके पास से लाइसेंसी असलहा भी बरामद किया। उज्जीखोर निवासी शिवानंद सिंह किसी काम से सहजनवां आया था। दोपहर डेढ़ बजे के करीब काम समाप्त होने के बाद वह कस्बे में स्थित देसी की दुकान से शराब खरीदी और पीने लगा। इसी बीच शिवानंद के मोबाइल पर उसकी पत्नी का फोन आ गया। जिसे उठाने के कुछ देर बाद शिवानंद जोर-जोर से गाली देने लगा।
आसपास खड़े लोगों ने ऐसा करने से मना किया, लेकिन शवानंद नहीं माना। इसी बीच पास में खड़े होकर शराब पी रहे बुजुर्ग को लगा कि शिवानंद उसे गाली दे रहा है। बुजुर्ग के मना करने पर युवक ने पत्नी से विवाद होने की जानकारी दी, लेकिन बुजुर्ग को तब भी लगा कि वह उसे ही गाली दे रहा है। इससे नाराज होकर बुजुर्ग ने घर से लाइसेंसी असलहा लाकर शिवानंद पर गोली चला दी। गोली युवक के दाएं तरफ कमर में लगी और वह वहीं गिर गया। सीओ गीडा प्रशाली गंगवार ने बताया कि युवक को छर्रा लगा है। खतरे से बाहर है। आरोपी की पहचान होने के बाद हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।