मुंडन कार्यक्रम से वापस जा रहा था परिवार
पाली। सहजनवां थाना क्षेत्र के तिलौरा-भक्सा मार्ग पर चड़राव के आगे चोरमा नाले के पास एक ई-रिक्शा पलट गया। इसमें आठ लोग घायल हो गए। वहीं, एक महिला की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के जाल्हेपार गांव में एक परिवार रिश्तेदार के यहां मुंडन कार्यक्रम में आया था। सोमवार को दिन में वह वापस जा रहे थे। इस दौरान ई-रिक्शा चड़राव गांव के आगे मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गया और किनारे गड्ढे में जा गिरा। इसमें कमला देवी (65) पत्नी रामभरोस निवासी मानबेला थाना चिलुआताल की मौत हो गई।
वहीं, सिसई निवासी मंजू, मीरा, कोल्हुई की मंतरा, रामभरोस, सत्यम, रितिका, हीरामति, सीमा घायल हो गईं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ठर्रापार में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने कमला देवी को मृत घोषित कर दिया। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।