रिठूआखोर व भीटी रावत चौराहे के पास हुई घटना
पाली। सहजनवा थाना क्षेत्र में अलग-अलग जगह हुए सड़क हादसों में दो घायल लोगों की मौत हो गई। रिठूआखोर के पास हुई घटना में रघुनाथ प्रसाद (63) और भीटी रावत चौराहे पर बुद्धिसागर त्रिपाठी (65) की मौत हो हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया।
पहली घटना रिठूआखोर गांव में हुई। गांव निवासी रघुनाथ प्रसाद (63) पुत्र स्व. अग्नू रविवार की सुबह टहल रहे थे। इसी दौरान निवरहर की तरफ से आ रहे बाइक सवार युवक ने ठोकर मार दी। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए परिजन सीएचसी पाली ठर्रापार ले गए जहां से चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सोमवार को उनकी मौत हो गई। परिजनों ने बाइक सवार युवक के विरुद्ध तहरीर दी है। वहीं, सहजनवा क्षेत्र के रंदौली ऊर्फ मठिया निवासी बुद्धिसागर त्रिपाठी (65) की मौत हो गई है। वह बीते रविवार को किसी कार्य से जिला मुख्यालय गोरखपुर गए थे। देर शाम में घर वापस लौटते समय भीटी रावत चौराहे के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए। एम्स में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई। थाना प्रभारी महेश कुमार चौबे ने बताया कि परिजनों ने तहरीर दी है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।