खजनी थाना क्षेत्र की घटना, घायल का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
उनवल। खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर चौकी के पास सोमवार रात करीब नौ बजे दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, भगवानपुर निवासी अखिलेश (24) पुत्र लक्ष्मण अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान उसकी बाइक की टक्कर उनवल वार्ड नंबर दो निवासी संदीप यादव (25) पुत्र सुभाष यादव की बाइक से हो गई। हादसे में अखिलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसकी दोनों टांगें टूट गई हैं और हालत नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोसों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, फरसाडाड़ निवासी बिभोर दुबे समेत अन्य ग्रामीणों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में महुआडाबर चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, दोनों बाइकों की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।