बड़हलगंज, गोला व गीडा थानाक्षेत्र में हुई घटनाएं, पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया
गोरखपुर। छठ पूजा के दौरान अलग-अलग इलाकों में तालाब और नदी में डूबने से दो युवक व एक किशोर की मौत हो गई। तीनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गांव में मातम पसर गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
अहिरौली गांव में तालाब में युवक की डूबने से मौत
बड़हलगंज थाना क्षेत्र के अहिरौली (द्वितीय) गांव में मंगलवार सुबह छठ पूजा के दौरान कमलेश (17) की तालाब में डूबने से मौत हो गई। कमलेश सकराखोर निवासी पन्ने लाल प्रसाद का बेटा था। अपनी मौसी के घर छठ मनाने आया था। अर्घ्य देने के बाद वह तालाब में तैरने गया, जहां कुछ युवक पहले से स्नान कर रहे थे। इसी बीच कमलेश को डूबता देख कुछ लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। बैंड बाजे के शोर में देर से जानकारी होने के कारण बचाव नहीं हो सका। पुलिस की मदद से युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कमलेश गांधी इंटर कॉलेज महुआपार में कक्षा 11वीं का छात्र था।
डांडी खास में पोखरे में डूबा युवक
गोला थाना क्षेत्र के ग्राम सभा डांडी खास में मंगलवार सुबह छठ अर्घ्य के दौरान चंदन (35) की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। वह अर्घ्य देने के बाद स्नान कर रहा था, तभी गहरे पानी में चला गया और डूब गया। मौके पर मौजूद लोगों ने काफी कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। बताया जा रहा है कि वह पूजा स्थल पर डीजे पर नाचने के बाद अर्घ्य देने पहुंचा था। मृतक के दो बेटे और एक बेटी हैं। उसकी पत्नी संजना छठ पूजा में शामिल होने मायके गई थी।
राप्ती नदी में किशोर की मौत
गीडा थाना क्षेत्र के गहासाड़ गांव में छठ स्नान के दौरान राजन के बेटे अंकित उर्फ निक्की (16) की राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। छठ पूजा समाप्त होने के बाद वह अपने दोस्त के साथ स्नान करने गया था। गहरे पानी में जाने से डूब गया। गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।