गोरखपुर। आगजनी की घटना को अंजाम देने वाले बेचन निषाद की पिता की संपत्ति पर पहले से नजर थी। छोटे भाई की शादी में नहीं बुलाने पर नाराजगी बढ़ गई। इसके बाद आरोपी ने दोनों भाइयों को कमरे में ताला बंद कर परिवार समेत आग के हवाले कर दिया। चिलुआताल के दहला गांव में तीन मौत की सूचना आने के बाद हर व्यक्ति यही बात कह रहा है।
चिलुआताल पुलिस बेचन को पकड़ने के लिए जिले के कई थाना क्षेत्र और महाराजगंज में रिश्तेदारों के घर छापा मार चुकी है। पुलिस जहां भी गई, वहां रिश्तेदारों ने आपबीती सुनाई। रिश्तेदारों का कहना था कि बेचन मुझे पीट चुका है। उसके ससुराल जाने पर पता चला कि साले को भी बेचन कई बार मार चुका है। इसी तरह गांव के लोग और उसके दोस्त भी बेचन की नाराजगी झेल चुके हैं। ग्रामीणों का कहना है कोई भाई इतना भी कैसे क्रूर हो सकता है कि आग लगाकर पूरा परिवार ही खत्म कर दे। घटना वाले दिन का बेचन का रूप यादकर लोगों की रूह कांप जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मारने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी थी। यहां तक कि सिलिंडर का पाइप भी खोलकर कमरे के अंदर डाल दिया था। आग लगने के बाद जब कमरे में दोनों भाई पत्नी के साथ फंसे थे, उस समय बेचन वहां चिल्लाकर बोल रहा था कि अब बचकर दिखाओ, आज सबको जिंदा जलाकर मार दूंगा।
एनएसए की भी हो सकती है कार्रवाई
14 दिसंबर को आगजनी की घटना के बाद बेचन बाइक से ही भागा था। पुलिस की माने तो बहुत जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। आरोपी के पकड़े जाने के बाद उसपर हत्या के साथ ही एनएसए की भी कार्रवाई हो सकती है।