कैंट थाना क्षेत्र के कार्मल रोड पर हादसा, पिता ने वन विभाग के खिलाफ तहरीर दी
हेड कांस्टेबल विक्रम की एडीएम एफआर के गनर के रूप में थी तैनाती
गोरखपुर। कैंट थाना क्षेत्र के कार्मल रोड पर मंगलवार सुबह वन विभाग के कार्यालय की चहारदीवारी भरभराकर गिर गई। चपेट में आने से बस्ती जिले के निवासी हेड कांस्टेबल विक्रम प्रसाद (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से उन्हें बीआरडी मेडिकल काॅलेज भिजवाया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। हेड कांस्टेबल के पिता ने वन विभाग के खिलाफ तहरीर देकर लापरवाही का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बस्ती के पिकौरा गांधीनगर निवासी हीरालाल के बेटे विक्रम प्रसाद यादव 1998 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। हेड कांस्टेबल पद पर उनकी तैनाती गोरखपुर में थी और वह एडीएम एफआर के गनर थे। मंगलवार सुबह 10 बजे वह सिटी माॅल के सामने कार्मल रोड पर पैदल ड्यूटी पर जा रहे थे। अभी वह कार्मल स्कूल के मोड़ पर पहुंचे थे कि वन विभाग की जर्जर चहारदीवारी भरभराकर उनके ऊपर गिर गई।
वह पेट के बल सड़क पर गिर गए और चहारदीवारी का मलबा उनके शरीर पर गिर गया। मलबे में दबने से उनके दोनों पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। स्कूल के पास पैरेंट-टीचर्स मीटिंग के लिए आए अभिभावकों ने पुलिस को सूचना दी और उनके शरीर से मलबा हटाया। इसके बाद उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर पिता हीरालाल यादव समेत अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।
उधर, चहारदीवारी गिरने के संबंध में वन विभाग के रेंजर दिनेश चौरसिया का कहना है कि निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा गया था।
आधे घंटे तक यातायात रहा प्रभावित
हादसे के बाद मलबा सड़क पर फैल गया। इससे वहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। करीब आधे घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने नगर निगम के कर्मचारियों की मदद से सड़क से मलबा हटवाकर आवागमन शुरू कराया।
बाइक छोड़कर भागे बच्चों के इंतजार में खड़े परिजन
कार्मल स्कूल में पैरेंट-टीचर्स मीटिंग होने से अभिभावक अपने बच्चों को लेकर इस मार्ग से आ जा रहे थे। वहीं कुछ लोग वन विभाग की चहारदीवारी के पास ही बाइक खड़ी कर अपने बच्चों के स्कूल से आने इंतजार कर रहे थे। इसी बीच अचानक वन विभाग की चहारदीवारी गिरने से वहां भगदड़ मच गई। वहां खड़े लोगों ने अपनी बाइक छोड़कर सड़क की दूसरी पटरी पर भागकर जान बचाई।
वर्जन
मृतक हेड कांस्टेबल के पिता ने वन विभाग के खिलाफ तहरीर दी है। जांच कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।
- अभिनव त्यागी, एसपी सिटी