सिविल लाइंस, लालडिग्गी, शाहपुर आदि क्षेत्रों में कटौती से परेशान हुए उपभोक्ता
रुस्तमपुर में पेड़ की डाली तार पर गिरने से चार हजार उपभोक्ताओं की कटी बिजली
गोरखपुर। बारिश से शहर की बिजली व्यवस्था लड़खड़ा गई है। रविवार को कई क्षेत्रों में बिजली की कटौती से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रविवार को दिनभर हुई बारिश से मौसम का मिजाज बदल दिया। उपभोक्ताओं को गर्मी से राहत तो मिली लेकिन बारिश से पेड़ और डालियों के टूट कर तार पर गिरने से शहर के कई इलाकों में घंटों बिजली की समस्या रही। रविवार सुबह करीब सात बजे रुस्तमपुर क्षेत्र में 33 केवीए लाइन पर पेड़ की डाली टूट कर गिर जाने से उपकेंद्र से जुड़े करीब चार हजार उपभोक्ताओं के घरों की बिजली गुल हो गई। यहां बिजली करीब तीन घंटे के बाद बहाल हो सकी। सुबह के समय बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं को ज्यादा दिक्कतें हुईं।
वहीं शाहपुर क्षेत्र में शनिवार रात से ही बिजली के आने जाने के साथ ही घंटों की बिजली कटौती से उपभोक्ता परेशान रहे। संत हुसैन नगर में तार पर पेड़ गिर जाने से देर शाम तक बिजली कटी रही। यही हाल लालडिग्गी उपकेंद्र से जुड़े उपभोक्ताओं का भी था। बिजली की लगातार आवाजाही ने उपभोक्ताओं का सुकून छीन लिया। सिविल लाइंस क्षेत्र में रविवार सुबह लोगों को बिजली कटौती का सामना करना पड़ा।
कोट
शहर के रुस्तमपुर क्षेत्र में 33 केवीए लाइन पर पेड़ की डाली टूट कर गिर गई थी, जिसे काट कर हटा दिया गया। सुबह 10 बजे बिजली बहाल कर दी गई थी। अन्य क्षेत्र में छोटे फाल्ट हुए उन्हें तत्काल दुरुस्त कर दिया गया।
- अंकित कुमार, अधिशासी अभियंता, टाउनहाल