गोरखपुर। टीएनएम ट्रस्ट की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय ओपन एज कैश मनी क्रिकेट प्रतियोगिता में बुधवार को रेलवे क्रिकेट ग्राउंड पर पूर्वोत्तर रेलवे और बाराबंकी के बीच मैच खेला गया। इसमें एनईआर ने बाराबंकी को आठ विकेट से हराया।
टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बाराबंकी की टीम 10.5 ओवर में मात्र 40 रनों पर सिमट गई। पूर्वोत्तर रेलवे की टीम ने अन्नू के 21 और कप्तान अंकित यादव के 15 रनों के बदौलत 11.2 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। एनईआर की तरफ से शानदार गेंदबाजी करते हुए निशांत राय ने सात विकेट चटकाए जिसके लिए उसे प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया।
सेंट एंड्रयूज के ग्राउंड पर गोरखपुर जनपद और कुशीनगर के बीच मैच खेला गया। जिसे गोरखपुर डिस्ट्रिक्ट 93 रनों के विशाल अंतर से जीता टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी गोरखपुर की टीम ने 36.5 ओवर में अपने सभी विकेट खोकर 186 रनों का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुशीनगर की टीम 21.4 ओवर में 93 रन पर ऑल आउट हो गई। गोरखपुर की तरफ से विशाल निषाद ने चार विकेट हासिल किए। सहारा क्रिकेट ग्राउंड पर गाजीपुर और महराजगंज के बीच मैच खेला गया। जिसमें गाजीपुर में महराजगंज के 138 रनों के विशाल अंतर से हराया। गाजीपुर की टीम ने दिव्यांश कुशवाहा के शानदार शतक 108 रन की बदौलत 256 रनों का एक बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी महाराजगंज की टीम 30.2 ओवरों में 118 रन पर सिमट गई।
नवल्स के मैदान पर सिद्धार्थनगर एवं बस्ती के बीच मैच खेला गया। जिसमें सिद्धार्थनगर ने बस्ती को 60 रनों के अंतर से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सिद्धार्थनगर की टीम ने 34 ओवर में सभी विकेट खोकर 150 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बस्ती की टीम 23.5 ओवरों में 90 के स्कोर पर ऑल आउट हो गई। सिद्धार्थनगर की तरफ से मोहम्मद सैफ ने पांच विकेट हासिल किए जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।