तहसीलदार की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मारा छापा
टीम ने आइसक्रीम के चार आउटलेट से लिए सैंपल
गोरखपुर। बलदेव प्लाजा स्थित बास्किल रॉबिंस आइसक्रीम के आउटलेट में तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह दोपहर एक बजे आइसक्रीम खाने पहुंचे थे। उन्होंने आइसक्रीम में कीड़ा देख खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दी। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर में इस ब्रांड के चारों आउटलेट पर छापा मारा। दो आउटलेट के लाइसेंस में कमी मिलने पर बिक्री पर रोक लगा दी। वहीं, दो स्थानों से चार नमूने लिए गए। कीड़ा मिलने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कोन वाली आइसक्रीम में कीड़ा मिला, जिसे कंपनी के मानक के अनुसार आउटलेट में बनाया जाता है। टीम ने बलदेव प्लाजा में स्नेह इंटरप्राइजेज में छापा मारकर आइसक्रीम के तीन नमूने लिए और कारण बताओ नोटिस जारी किया। इस दौरान स्वच्छता की जांच की और रात में आइसक्रीम नहीं बनाने के निर्देश दिए। साथ ही टीम ने रात में कीड़ों को एक स्थान पर आकर्षित करने वाली लाइट एक से अधिक स्थानों पर जलाने का निर्देश दिया।
जानकारी के मुताबिक, तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार प्रद्युम्न सिंह व देवेंद्र यादव एवं लेखपाल विजय गुप्ता बलदेव प्लाजा में आइसक्रीम खा रहे थे। नायब तहसीलदार देवेंद्र यादव के हाथ में कोन वाली आइसक्रीम थी। इसके बीच कीड़ा दिखा तो अधिकारियों ने नाराजगी व्यक्त करते हुए आउटलेट संचालक से सवाल-जवाब किए। तहसीलदार ने सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह को इसकी सूचना दी। इसके बाद टीम ने शहर में इस ब्रांड के चारों आउटलेट पर छापा मारा।
टीम ने जेएसआर गार्डेन, सिटी मॉल एवं ओरियन मॉल स्थित आउटलेट में छापा मारा। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी उमाशंकर सिंह एवं नरेंद्र कुमार ने कार्रवाई की।
-
जेएसआर गार्डन और ओरियन मॉल के आउटलेट पर रोक
छापा मारने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जेएसआर गार्डेन एवं ओरियन मॉल के आउटलेट में बिलिंग पर रोक लगा दी है। अधिकारियों के अनुसार दोनों आउटलेट में 100-100 रुपये के रजिस्ट्रेशन के कागजात थे, जबकि 12 लाख रुपये से अधिक टर्नओवर होने पर 2000 रुपये शुल्क जमा करके लाइसेंस प्राप्त करना चाहिए।
वर्जन...
बास्किन रॉबिंस आइसक्रीम के आउटलेट पर कोन वाली आइसक्रीम में कीड़ा मिलने की शिकायत मिली थी। मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके अलावा शहर में कंपनी के चारों आउटलेट पर छापा मारा गया। जेएसआर गार्डेन एवं ओरियन मॉल के लाइसेंस में कमी मिलने पर बिक्री पर रोक लगा दी गई है। चार नमूने लिए गए हैं।
- डॉ. सुधीर कुमार सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा