कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दोनों भाइयों पर धोखे से जमीन बेचने का आरोप
मंदिर की जमीन की जानकारी होने पर पीड़ित ने मांगा पैसा तो कर रहे आनाकानी
सरदारनगर। चौरीचौरा इलाके के तरकुलहा में अधिग्रहण की जंगल की जमीन दो सगे भाइयों ने तथ्य छिपाकर एक व्यक्ति को 95 लाख रुपये में बेच दी। इसी बीच पीड़ित को जानकारी मिली कि जमीन तरकुलहा मंदिर के नाम से अधिग्रहीत है, तो उसके होश उड़ गए। आरोप है कि रुपये मांगने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई। उनके निर्देश पर चौरीचौरा पुलिस ने दोनों भाइयों के विरुद्ध केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खोराबार थाना क्षेत्र के रामनगर करजहां निवासी छोटेलाल गोंड ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उन्हें जमीन की आवश्यकता थी। झंगहा थाना क्षेत्र के गहिरा निवासी अवधेश चौहान व चंद्रिका चौहान से उनकी मुलाकात हुई। दोनों ने बताया कि उनकी जमीन तरकुलहा में है, जिसका गाटा संख्या 16/2 है। इसके बाद दोनों ने जमीन दिखाई। पसंद आने पर 95 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
छह अप्रैल 22 से लेकर छह जून 2023 के बीच में अवधेश चौहान और चंद्रिका चौहान को खाते व यूपीआई के साथ नकदी समेत 95 लाख रुपये दे दिए। दोनों भाइयों ने तरकुलहा जंगल की जमीन का तथ्य छिपाते व कूटरचित दस्तावेज को दिखाकर 95 लाख रुपये हड़प लिए। जानकारी हुई कि जमीन को प्रशासन तरकुलहा देवी जंगल घोषित कर दिया है। इसके बाद अपने रुपये मांगे तो दोनों भाई टाल-मटोल करने लगे।
छोटेलाल गोंड ने बताया कि 19 नवंबर 24 को पैसा वापस मांगने के लिए तरकुलहा में दोनों भाइयों के पास गया तो उन्होंने मारपीट करते हुए जान की धमकी देकर उसे भगा दिया। दोबारा रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है।