सोमवार देर शाम आंधी-बारिश से बढ़ी थी परेशानी
गोरखपुर। विगत सोमवार को देर शाम आई आंधी और बारिश से शहर की बिजली आपूर्ति व्यवस्था लड़खड़ा गई। बारिश के कारण शहर में कुछ जगहों पर बिजली के तार व पोल क्षतिग्रस्त हो गए थे। कुछ जगहाें पर देर रात पोल को सीधा कर आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, लेकिन कई जगह लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। सुबह भी तारों और पेड़ की डालियों को हटवाया गया। इसकी वजह से रात भर बिजली आती-जाती रही। इसने लोगाें की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी।
पादरी बाजार उपकेंद्र क्षेत्र के जंगल धूषड़ के करीब सोमवार रात पेड़ गिरने से तार जमीन पर आ गया। इससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। लगभग पांच सौ से ज्यादा उपभोक्ताओें को परेशानी हुई। पेड़ की डाली को पूरी तरह से मंगलवार सुबह हटवाया जा सका। लगभग एक हजार से ज्यादा उपभोक्ता रातभर बिजली की आवाजाही से परेशान रहे। पादरी बाजार उपकेंद्र के जेई विजय सिंह ने बताया कि रात में परेशानी जरूर थी इसे सुबह सही कर लिया गया। पूरे दिन बिजली की आपूर्ति अनवरत रही है।
वहीं राप्तीनगर क्षेत्र में आंधी से गिरे पोल को देर रात सही कर लिया गया, लेकिन ज्यादा जगहों पर फॉल्ट की वजह से रात भर आती-जाती रही, जिससे लोग परेशान रहे। एक्सईएन राप्तीनगर अभिषेक कुमार ने बताया कि फॉल्ट की वजह से रात में कुछ परेशानी हुई है, जिसे रात में ही सही कर लिया गया है। मंगलवार को बिजली आपूर्ति में परेशानी नहीं हुई है। वहीं शाहपुर के एक्सईएन अमन गुप्ता ने बताया कि लोकल फॉल्ट व कंप्लेन की वजह से शटडाउन लेकर फॉल्ट को सही कराया गया है। उपभोक्ताओं की परेशानी की ध्यान रखा गया था।
अधीक्षण अभियंता शहरी ई. लोकेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि क्विक रिस्पांस टीम की मदद से हर जगहों पर तार पोल को सही करने में मदद मिली है, जिससे आंधी पानी से प्रभावित क्षेत्रों में बिजली की समस्या को दूर किया गया है।