मेयर, मंडलायुक्त व डीएम ने किया जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण
गोरखपुर। शहरी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए रविवार को मेयर, मंडलायुक्त और डीएम के साथ नगर निगम के अधिकारियों ने निचले इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान कमिश्नर ने जलभराव वाले स्थानों पर पंपिंग सेट से पानी निकालने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई के भी निर्देश दिए।
मेयर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, मंडलायुक्त अनिल ढींगरा व जिलाधिकारी दीपक मीणा ने नगर निगम के अधिकारियों के साथ मोहरीपुर-बरगदवां रोड पर नालों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि कहीं पर भी जलभराव न होने पाए। जहां जल जमाव की स्थिति है वहां नगर निगम पंपिंग सेट मशीन लगाकर पानी को तत्काल निकाले, जिससे जलभराव की स्थिति से मोहल्लेवासियों को निजात मिल सके। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र, सहायक नगर आयुक्त अविनाश सिंह आदि मौजूद रहे।