भटहट। स्थानीय सीएचसी पर प्रसूता के इलाज को लेकर शनिवार को दोपहर में आशा कार्यकर्ता और स्टाफ नर्स भिड़ गईं। नोकझोंक देख चिकित्सक ने प्रसव कक्ष में जाकर समझाकर मामला शांत कराया।
क्षेत्र के ग्राम अतरौलिया की एक महिला का घर पर ही प्रसव हो गया था। नवजात शिशु मृत मिला था। बताया जा रहा है कि गर्भवती की कोई जांच नहीं कराई गई थी। घर पर प्रसव होने की जानकारी आशा कार्यकर्ता मंजू देवी को परिजनों ने दी तो वह प्रसूता को एंबुलेंस से लेकर सीएचसी पहुंच गईं। आशा का आरोप है कि जब वह मरीज को लेकर अस्पताल पहुंचीं तो ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ नर्स ने इलाज नहीं किया। प्रसूता की जांच के लिए पैथोलॉजी भेज दिया गया। जांच कराकर आने के बाद भी मरीज के साथ लापरवाही की जा रही थी। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। आशा एवं स्टाफ नर्स से पूछताछ की गई है। दोनों को समझा दिया गया है।