गोरखपुर। रेलवे स्टेशन के द्वितीय श्रेणी गेट पर रविवार रात करीब नौ बजे ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ के दीवान राजेंद्र प्रसाद पर एक युवक ने कैंची से हमला कर दिया। युवक स्कैनर से बैग लेकर अंदर प्रवेश कर रहा था, तभी मशीन की सीटी बजने पर दीवान ने उसे रोकने की कोशिश की।
रोकने पर युवक जबरदस्ती करने लगा और अचानक जेब से कैंची निकालकर दीवान के सिर पर वार कर दिया। इस हमले में राजेंद्र प्रसाद को आंख के ऊपर गंभीर चोट लगी, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद आरोपी युवक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम शंकर बताया है। फिलहाल आरपीएफ उससे पूछताछ कर रही है कि हमला क्यों किया गया और उसके पास कैंची क्यों थी? आरपीएफ ने जांच शुरू कर दी है और आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।