मोतीराम अड्डा में बिजली के पोल शिफ्टिंग की चल रही है जांच
गोरखपुर। मोतीराम अड्डा के जंगल रामलखना गांव में बिजली के पोल की शिफ्टिंग की जांच शुरू हो गई है। एंटी थेफ्ट बिजली थाना की जांच में पूर्व जेई और पांच लाइनमैन की भूमिका संदिग्ध मिली है। मुख्य अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव के निर्देश पर ग्रामीण सर्किल प्रथम के अधीक्षण अभियंता डीके सिंह भी मामले की जांच कर रहे हैं।
जंगल रामलखना (पकवा टोला) में कृष्णचंद्र वर्मा, हरिलाल और रामचंद्र पुत्र बनवारी और उनके चचेरे भाई राणा प्रताप पुत्र रामनिवास के खेत के ऊपर से 11 हजार वोल्ट की लाइन गुजरी थी। पिछले दिनों पांच बिजली के खंभे की लाइन को शिफ्ट करा दिया गया। पहले मामला मैनेज करने में सभी जुटे रहे। खेत मालिकों से गुहार लगाई कि पोल पुरानी जगह पर लगाने दिया जाए। लेकिन, जब उन्होंने इन्कार कर दिया तो एंटी थेफ्ट बिजली थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई। बिजली निगम को चार लाख रुपये के राजस्व का नुकसान बताया जा रहा है।