गोरखपुर। नए साल में रामगढ़ताल किनारे चारों तरफ रिंग रोड बनकर तैयार हो जाएगी। राजस्व विभाग के सहयोग से गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने सहारा एस्टेट से कुनराघाट तक भी रिंग रोड निर्माण के लिए सीमांकन का काम पूरा कर लिया है। इस दौरान करीब 100 काश्तकारों की जमीन रिंग रोड के दायरे में आ रही है जिन्हें मुआवजा देने की तैयारी शुरू हो गई है।
जीडीए इन्हें सर्किल रेट से दोगुणा दाम की दर से मुआवजा देगा। जैसे-जैसे काश्तकार आते जाएंगे उनकी जमीन रजिस्ट्री कराने के साथ ही उनके बैंक खातों में मुआवजे की राशि भेज दी जाएगी। रामगढ़ताल के किनारे बंधा समेत 15 मीटर नाप कर चिह्नांकन और निर्धारण किया गया है ताकि स्पष्ट हो सके कि किस काश्तकार की कितनी जमीन रिंग रोड में पड़ रही है। इसका डाटा तैयार करने के बाद प्राधिकरण अब समझौते के आधार पर जमीन रजिस्ट्री कराने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
रामगढ़ताल के किनारे कुनराघाट से सहारा एस्टेट तक दो लेन चौड़ी सड़क बनाई जाएगी। इसकी लंबाई लगभग चार किलोमीटर होगी। अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार के मुताबिक यह दो लेन की सड़क 12 मीटर चौड़ी होगी। इसमें सात मीटर की सड़क, दोनों तरफ फुटपाथ का निर्माण किया जाएगा। ताल की तरफ रेलिंग लगाई जाएगी। बताया कि सीमांकन का काम पूरा हो गया है। काश्तकारों की सूची भी तैयार कर ली गई है। करीब 100 काश्तकार प्रभावित पाए गए हैं। समझौते के आधार पर रजिस्ट्री के लिए सभी को मुआवजे की राशि की जानकारी दे दी गई है। जैसे-जैसे काश्तकार रजिस्ट्री करते जाएंगे, उनके खाते में मुआवजे की राशि भेज दी जाएगी।