गोरखपुर। फैजाबाद-गोरखपुर शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के नामावलियों के पुनरीक्षण का कार्यक्रम 30 सितंबर से शुरू होगा। फार्म 18 या 19 में आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर है। नामावलियों का आलेख्य प्रकाशन 25 नवंबर को होगा। दावे और आपत्तियों की तिथि 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक रहेगी। अनुपूरक सूची 25 दिसंबर को मुद्रित की जाएगी।
इस बात की जानकारी अपर जिलाधिकारी व उप जिला निर्वाचन अधिकारी विनीत कुमार सिंह ने दी। वे मंगलवार को पर्यटन भवन स्थित कलक्ट्रेट सभागार में विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की नामावलियों के पुनरीक्षण और मतदान केंद्र निर्धारण के संबंध में राजनीतिक पार्टियों एवं शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में बोल रहे थे। बैठक में शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने स्वच्छ, स्पष्ट और पारदर्शी निर्वाचक नामावली तैयार करने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए। एडीएम ने सभी प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि निर्वाचन आयोग की ओर से जारी गाइडलाइनों और निर्देशों का पालन करते हुए नामावली तैयार की जाएगी। बैठक में मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ाने की भी चर्चा हुई।